उधमपुर: वार्ड 7 के रतैडी बावली में सफाई अभियान चलाते एनसीसी कैडट
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहीद इंस्पेक्टर कमल सिंह गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज उधमपुर के एनसीसी कैडेट ने ‘पुनीत सागर अभियान’ के तहत नगर के वार्ड 7 में स्वच्छता अभियान चलाया।
स्कूल के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी पवन कुमार की देखरेख और नगर परिषद के सहयोग से चलाए इस अभियान में कैडेटों ने वार्ड 7 की मुख्य गलियों की सफाई की। साथ ही क्षेत्र में मौजूद रतैड़ी बावली को भी साफ किया। कैडेटों ने बावली में पडे़ कचरे को साफ कर लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। मौके पर नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित चौधरी और वार्ड पार्षद विकास शर्मा ने भी लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया।
इस दौरान उन्होंने लोगों को घर से निकलने वाले कचरे को जमा करने के लिए घर-घर जाकर कूडे़दान भी बांटे। इस अभियान में एनसीसी कैडेटों ने लगभग छह किलो प्लास्टिक का कचरा एकत्र किया, और उसे उचित निपटान के लिए नगर परिषद को सौंप दिया। साथ ही कैडेटों ने वार्ड वासियों को सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान का उपयोग करने का महत्व बताया।
सीईओ ने कहा कि इस मुहिम को पूरे शहर के लिए शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करना है। शहरवासियों से अपील है कि कचरा गलियों में न फेंकें। यदि किसी के घर से कूड़ा लेने वाला कर्मी नहीं आता है तो नगर परिषद को जानकारी दें।