उधमपुर में सेना व प्रशासन की तरफ से छेड़े गए अभियान में हिस्सा लेते जवान व अन्य संस्था के सदस्य
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। स्टेशन मुख्यालय ने थॉमस ब्रिज से गढ़ी गुरुद्वारा के बीच तीन किलोमीटर के क्षेत्र में एक सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया। स्टेशन मुख्यालय के प्रशासनिक कमांडेंट की ओर से की गई इस पहल को उपायुक्त इंदु कंवल चिब, बीडीओ अमित भगत, सरपंच पृथपाल सिंह तथा चोपड़ा शॉप मार्केट एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित किया गया।
इसमें एमईएस गुरुद्वारा समिति के सेवादारों और नरेगा स्वयंसेवकों के साथ लगभग 100 सफाई कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों ने क्षेत्र में उगी सभी झाड़ियों को हटाने के अलावा गंदे पानी के क्षेत्र को साफ किया। लगभग छह टन कचरा एकत्र कर नगरपालिका के डंपिंग स्टेशन में निपटाया। इसके साथ ही स्थानीय दुकानदारों को अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और भुगतान सेवा के रूप में डोर टू डोर कलेक्शन को अपनाने की आवश्यकता के बारे में जागरूक करने के लिए बैनर और साइनपोस्ट के माध्यम से एक जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
संबंधित अधिकारियों ने कहा कि एनएच 44 के साथ सड़क के खंड में दो मुख्य बाजार क्षेत्र शामिल हैं, जहां सेना और नागरिक परिवारों की काफी आवाजाही रहती है। ये दोनों बाजार सेना इकाइयों की परिधि की दीवार से सटे हुए हैं। स्टेशन अधिकारियों ने हाल ही में नागरिक प्रशासन को सड़क किनारे नालियों में जमा हुए कचरे, पशु और पॉलिथीन कचरे को डंप करने और सड़क के साथ बने नाले में या सेना इकाइयों की परिधि की दीवार के साथ डंप हुए कचरे के बारे में बताया था। जिसके बाद जिला प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को चलाकर यहां साफ सफाई की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने उक्त क्षेत्र में दो सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का वादा और स्टेशन अधिकारियों को नागरिक प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का भी आश्वासन दिया है।
उधमपुर में सेना व प्रशासन की तरफ से छेड़े गए अभियान में हिस्सा लेते जवान व अन्य संस्था के सदस्य- फोटो : UDHAMPUR