कुलवंता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते छात्र। संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्रों ने अब अपनी प्रभावित हो रही शिक्षा में सुधार लाने के लिए खुद ही मोर्चा संभाल लिया है। रामनगर के बंसतगढ़ इलाके में बीते तीन दिन से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बाद अब ब्लॉक कुलवंता के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल केया के छात्रों भी मुखर हो गए हैं। वीरवार को रामनगर-बसंतगढ मार्ग जाम कर गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल केया के छात्रों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान छात्रों ने जल्द से जल्द स्कूल में चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग उठाई। इससे करीब तीन घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। सुबह 09 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक चले इस प्रदर्शन में शामिल स्तुति महाजन, सक्षम, दलमय सिंह, कुरान मोहम्मद, सरफराज वानी व अन्य छात्रों ने कहा कि वे पिछले करीब दो साल से स्कूल में शिक्षकों की कमी से परेशान हैं। इसके कारण उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। कोर्स ठीक से पूरा नहीं हो पाने के कारण वह परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहें हैं। इससे उनके अभिभावक भी परेशान हैं। छात्रों ने कहा कि शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा प्रदान करने के बड़े-बड़े दावे तो कर रहा है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में इसकी जमीनी सच्चाई पूरी तरह से विपरीत है। सबसे अधिक समस्या स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर पेश आ रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र लगातार पिछड़ रहे हैं। इसलिए अब उन्होंने स्वयं ही इसके लिए आवाज उठाने का फैसला किया है। अगर स्कूल में शिक्षकों की कमी को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे इससे भी उग्र प्रदर्शन करेंगे। वहीं सुचना मिलने पर प्रधानाचार्य राजिंद्र गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे क्षेत्र के नायब तहसीलदार गुलशन अमीन ने छात्रों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त करवाया। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि 30 मई तक उनके स्कूल में सभी जरूरी शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी और अगर ऐसा नहीं किया गया तो वे स्वयं भी छात्रों के साथ सड़क पर धरना लगाकर बैठ जाएंगे।