उधमपुर। जखैनी इलाके में बुधवार दोपहर को दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न हिस्सों से पहलवानों ने हिस्सा लेकर दम दिखाया। बड़ी माली के मुकाबले में लड्डन के अजय पहलवान ने शानदार जीत हासिल कर दंगल अपने नाम कर लिया।
सांई जागरण पंज पीर जखैली दंगल का आयोजन पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह की तरफ से किया गया। इस अवसर पर एआरटीओ उधमपुर जुगल किशोर मुख्य मेहमान थे। दोपहर करीब तीन बजे दंगल की शुरूआत की गई और शाम तक चले दंगल में करीब 30 मुकाबले खेले गए। दूसरी माली का मुकाबला जंदराह के गोपाल और चोपड़ा शाप के सलमान के बीच खेला गया और इसमें गोपाल ने जीत हासिल की।
इसके बाद बड़ी माली का मुकाबला बसंतगढ़ के बबलू और लड्डन के अजय पहलवान के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में लड्डन के अजय ने शानदार जीत हासिल कर दंगल को अपने नाम कर लिया। मुख्य मेहमान ने विजेता व उप विजेता पहलवानों को नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। दंगल का आनंद उठाने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों दंगल प्रेमी पहुंचे थे।