रामनगर। कोरोना नियमों के पालन को लेकर उपजिला अस्पताल में भारी लापरवाही बरती जा रही है। दो दिन के आंशिक कर्फ्यू के बाद सोमवार को अधिक संख्या में लोग कोरोना की जांच करवाने पहुंचे। इस दौरान सामाजिक दूरी के अलावा कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया था।
इस मामले को लेकर कस्बावासियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना की तीसरी लहर से जंग नहीं जीती जा सकती। प्रशासन और बीएमओ उपजिला अस्पताल में रैपिड टेस्ट के दौरान कोरोना नियमों का पालन कराने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। अस्पताल में जांच कराने के लिए सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें लग गई थीं। इस दौरान इतनी आपाधापी का माहौल था कि सामाजिक दूरी का पालन करने की सुध नहीं रही।
लाइन में लगे कुछ ऐसे लोग भी थे, जो कोरोना नियमों का पालन कराने को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर काफी नाराज नजर आए। उनका कहना था कि अस्पताल प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। इस तरह की लापरवाही पूरे समाज के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।