उधमपुर। जिले में सोमवार को छह और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जबकि चार महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। संक्रमित मामलों की संख्या में बढ़ोतरी सोमवार को भी जारी रही, इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ रही है। मौजूदा समय में 51 मामले सक्रिय हैं।
जिले में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां हर रोज कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या संक्रमितों के मुकाबले ज्यादा थी, तो वहीं करीब सप्ताह से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है और कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में कमी आ रही है। रविवार को जिले में कुल तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
वहीं, सोमवार को रविवार के मुकाबले में दुगने छह लोग संक्रमित पाए गए हैं, जबकि चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11346 हो गए हैं। 11158 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है और सक्रिय मामले की संख्या 51 हो गई है। करीब दो सप्ताह के बाद जिले में सक्रिय मामले 50 से अधिक सामने आए हैं।