धर्मनगरी के मुख्य बाजार में स्थित नया बाजार नामक शॉपिंग कांप्लेक्स में सोमवार देर रात को रहस्यमय परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। जिससे कांप्लेक्स की कुल 28 दुकानें पूरी तरह से जल कर राख हो गई।
इस आगजनी से करोड़ों रुपये की संपत्ति के नष्ट होने का अनुमान है। मंगलवार शाम तक इस आग पर बहुत हद तक नियंत्रण पा लिया गया था। आग कैसे लगी यह अभी पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब सवा एक बजे बजे नया बाजार के मुख्य द्वार पर स्थित लकड़ी पर त्राशी करने वाली एक छोटी दुकान से आग की लपटें उठनी शुरू हुई, जिसने कुछ ही समय में कांपलेक्स की अन्य दुकानों को भी अपने आगोश में ले लिया।
मौके पर आग बुझाने के लिए तत्काल दमकल विभाग के तीन वाहन पहुंच गए तथा आग का बड़ा दायरा देखते हुए जम्मू, रियासी और उधमपुर से एक-एक अतिरिक्त वाहन भी मंगवाया गया। इस दौरान पानी की आपूर्ति के लिए बड़ी संख्या में निजी पानी के टैंकरों का सहारा भी लिया गया।
मंगलवार की सुबह भी आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी थे। शाम तक बहुत हद तक आग नियंत्रित कर ली
गई थी। दमकल विभाग के सहायक निदेशक पीके बट्ट के अनुसार मौके पर पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में दुकानें आग की चपेट में आ चुकी थी।
चूंकि शॉपिंग कांपलेक्स में अधिकतर दुकानें ड्राई फ्रूट्स, शाल एम्पोरियम, आर्टिफिशल ज्यूलरी, खिलौनों आदि की थी, जिस कारण आग काफी तेजी से फैली। एसपी कुलवीर सिंह के अनुसार अभी आग लगने के कारणों के बारे में बताना जल्दबाजी होगी।
अलबत्ता जानने का प्रयास किया जा रहा है कि यह आग शार्ट सर्किट से लगी है या फिर किसी और चीज से। उन्होंने बताया कि जांच के लिए पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया है।
सनद रहे कि इस आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल विभाग, जम्मू-कश्मीर पुलिस सहित स्थानीय पुलिस का विशेष योगदान रहा। घटनास्थल का जायजा लेने के लिए जिला विकास आयुक्त शबीर अहमद बट्ट, एसएसपी विवेक गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का दिनभर आना-जाना लगा रहा।