संवाद न्यूज एजेंसी
डोडा। सरकारी हाई स्कूल घाट में जिला स्तरीय शहीद स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया। टूर्नामेंट में जिले भर से 32 टीमों ने हिस्सा लिया। शाइनिंग क्रिकेट क्लब डोडा ने एएनके वारियर्स भद्रवाह की टीम को हराकर चैंपियनशिप जीत ली।
रविवार को खेले गए फाइनल मैच में नौशायर बट की अगुआई वाली शाइनिंग क्रिकेट क्लब डोडा की टीम का सामना आरिफ राथर की कप्तानी वाली एएनके वारियर्स भद्रवाह टीम के साथ हुआ। पहले बल्लेबाजी करते एएनके वारियर्स ने 15 ओवर में 174 रन बनाए। शाइनिंग क्रिकेट क्लब ने मात्र 14 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर चैंपियनशिप जीत ली। शाइनिंग क्रिकेट क्लब डोडा को विजेता ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार दिया गया। उपविजेता, एएनके वारियर्स भद्रवाह को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार भी मिला।
शाइनिंग क्रिकेट क्लब डोडा के रेहान फजल को मैन ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। उन्होंने टूर्नामेंट में 152 रन बनाए और 10 विकेट लिए। उन्हें ट्रॉफी और 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। शाइनिंग क्रिकेट क्लब के आकिब जरगर को टूर्नामेंट में 207 रन बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। उन्हें ट्रॉफी और 5,000 का नकद इनाम दिया गया। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार एएनके वारियर्स भद्रवाह के आरिफ राथर को मिला। उन्होंने 9 विकेट लिए और उन्हें ट्रॉफी व 5,000 रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच में पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी डोडा संदीप मेहता उपस्थित थे। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ने और समुदाय-पुलिस संबंधों को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों में एडिशनल एसपी मोहम्मद असलम, डीएसपी डीएआर आदिल रिशु आदि मौजूद थे।