- एक से दूसरे स्थान पर आवाजाही के दौरान विश्राम के लिए आश्रय स्थल की परेशानी होगी दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तहसील पंचैरी के कैंथलगी में शीप हसबैंडरी शेल्टर शेड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 49.47 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की तरफ से इस शेल्टर शेड बनाने का काम पूरा किया जाएगा।
इस शेल्टर शेड के बनने से प्रवास के दौरान सफर करने वाले भेड़ पालकों को काफी सुविधा मिलेगी और और उनकी रात्रि विश्राम की समस्या दूर होगी। स्थानीय संजीव सिंह, मोहम्मद नदीम, वसीम मोहम्मद, गफूर अहमद व अन्य क्षेत्रवासियों का कहना है कि खासतौर पर गुज्जर बक्करवाल समुदाय के लोग जब अपने अर्धवार्षिक प्रवास के दौरान कैंथगली रूट से आवाजाही करते हैं तो उनको रास्ते में पड़ाव को लेकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कैंथलगी चूंकि एक जंगली इलाका है और यहां जंगली जानवरों का भी डर बना रहता है। जिसके चलते इस क्षेत्र से गुजरने के दौरान भेड़ पालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस शेड के बनने से उनकी रात्रि विश्राम की समस्या दूर होगी और बिना किसी चिंता के यहां रात को अपने मवेशियों के साथ रुक पाएंगे।
-
कोट...
शेल्टर शेड को बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग