उधमपुर। रामनगर का ऐतिहासिक समाधि पार्क इन दिनों गंदगी का शिकार है। पार्क रानी की समाधि के लिए प्रसिद्ध है जिसे देखने के लिए जम्मू, कठुआ और बसंतगढ़ सहित दूरदराज इलाकों से पर्यटक आते हैं। मुख्य गेट के बाहर गंदगी, कीचड़, मंडराती मक्खियां और मच्छर मुंह चिढ़ा रहे हैं। इससे पार्क की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है।
लोगों का कहना है कि गंदा पानी जमा रहता है जिससे बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कत होती है। एक तरफ प्रशासन पर्यटन को बढ़ावा देने के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर गंदगी व्यवस्था की पोल खोल रही है। यदि समय रहते सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं की गई तो पर्यटकों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। प्रशासन से मांग है कि पार्क के बाहर नियमित सफाई, निकासी की उचित व्यवस्था की जाए।
समाधि पार्क रामनगर की पहचान है। यहां दूर से लोग घूमने आते हैं लेकिन गेट के बाहर फैली गंदगी से परेशानी होती है। प्रशासन को जल्द सफाई करवानी चाहिए।
- शाम लाल, स्थानीय
परिवार के साथ शाम को घूमने आते हैं लेकिन कीचड़ और मच्छरों के कारण लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। पर्यटनस्थल के आसपास सफाई बेहद जरूरी है।
-रणजीत शर्मा, शिक्षक
टीम को निर्देशित कर दिया गया है और जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
- अभिलव महाजन, ईओ, नगर पालिका रामनगर