- आवाजाही में दिक्कत से ग्रामीण परेशान, मरम्मत की उठाई मांग
उधमपुर। तहसील पंचैरी के कुलट्यार और लटयार गांव को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। उनका कहना है कि थाटा मोड़ पर पिछले वर्ष सड़क का एक हिस्सा धंस गया था, जो आज तक ठीक नहीं किया गया। इस कारण वाहन चालकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। कीचड़, गड्ढों और फिसलन भरे रास्ते के कारण कभी भी हादसा हो सकता है।
समाजसेवी पुरुषोत्तम कुमार शर्मा और सरदार सिंह ने बताया कि कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारी निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग गंभीर समस्या को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्कूल खुलने से पहले सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो पंचैरी बाजार में चक्का जाम किया जाएगा। ग्रामीणों ने डीसी से मांग करते हुए कहा कि वह दौरा करें ताकि समस्या का निदान हो सके।