उधमपुर: घाटी की ओर जाने वाले वाहनों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा जखैनी चौक पर रोका गया.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामबन। रामबन के सेरी में पस्सियां गिरने से बंद हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार तड़के खोल दिया गया। राजमार्ग के खुलने पर वाहनों की आवाजाही श्रीनगर से जम्मू की ओर रही।
गौरतलब है कि सोमवार को वाहनों का रुख जम्मू से श्रीनगर की तरफ रखा गया था। रामबन के मगरकोट इलाके में दोपहर तीन बजे पस्सी गिरने पर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब ढाई घंटे तक बंद रहा। इसके बाद वाहन जम्मू से श्रीनगर की तरफ चल ही रहे थे कि रात करीब नौ बजे सेरी इलाके में पस्सी गिरने पर फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया था। इसके बाद पूरी रात राजमार्ग ही बंद रहा, और फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी काम में जुटी रही।
मंगलवार तड़के करीब पांच बजे राजमार्ग को खोला गया, और पहले बीच में फंसे वाहनों को श्रीनगर की तरफ रवाना किया। इसके बाद श्रीनगर से जम्मू के लिए वाहनों को रवाना किया गया। फिर दिन भर श्रीनगर से जम्मू की तरफ वाहन चलते रहे। वहीं, उधमपुर में सुबह से घाटी जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। रोके जाने के बाद वाहनों की भी कतार बढ़ती चली गई।
वाहनों की संख्या इतनी बढ़ गई कि इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। कई शहरवासियों के वाहन भी जाम में फंस गए। वहीं, पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद जाम को खुलवाने का प्रयास किया। कुछ समय बाद जाम को खुलवाने में कामयाबी भी मिल गई। पुलिस का कहना था कि बुधवार को वाहनों को जम्मू से श्रीनगर की तरफ रवाना किया जाएगा।