पैंथर्स पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर धार रोड जाम कर डीसी दफ्तर के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियाें ने राज्य की गठबंधन सरकार को विफल करा दिया।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लोगों की मांगों को पूरा करवाने में विफल साबित हुई है। लोगों को परेशानी भुगतनी पड़ रही है। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों का निर्माण कार्य लगाया गया, लेकिन जिन किसानों की जमीन सड़क बनाने में आई, उन्हें अभी तक पैसे नहीं मिल पाए हैं।
इस कारण किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बड़े-बड़े दावे करने वाली राज्य की गठबंधन सरकार को जल्द से जल्द विधवा पेंशन एक हजार रुपये प्रति माह किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का हल करवाने में गठबंधन सरकार कुछ नहीं कर पाई हैं। इस कारण लोगों का रोष सरकार के प्रति बढ़ता ही जा रहा है। राशन की कालाबाजारी के कारण लोगों को पूरी तरह से राशन नहीं मिल पा रहा है।
ऐसी सरकार को सता में नहीं रहना चाहिए। वहीं पैंथर्स पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि बरमीन सड़क हादसे मेें मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही गई थी, लेकिन राज्य सरकार ने फिर लोगों के साथ धोखा किया है। अभी घायलों और हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को किसी भी प्रकार की कोई सहायता गठबंधन सरकार की ओर से नहीं दी गई हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने लोगों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में पैंथर्स नेता धनीराम अत्री, मंजीत सिंह जगदेव सिंह, दीपक सिंह, कृष्ण सिंह, व बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण शामिल थे।