उधमपुर। ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में रामनगर के वार्ड-आठ में स्थित गुरु रविदास मंदिर के पास सामुदायिक भवन की दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। करीब 14.85 लाख रुपये का प्रोजेक्ट ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग की ओर से स्वीकृत किया गया है जो क्षेत्र में सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसका टेंडर जारी कर दिया है और जमीनी स्तर पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया है। स्थानीय सुनील कुमार, विक्रम, लेख राज, रामपाल व अन्य का कहना है कि क्षेत्र के लोग विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम विवाह, सामूहिक बैठक, जागरूकता अभियान एक ही स्थान पर आसानी से आयोजित कर सकेंगे। इससे अलग स्थान की तलाश नहीं करनी पड़ेगी और सामूहिक भागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा लोक नृत्य, संगीत कार्यक्रम, त्योहारों से जुड़े आयोजन, पारंपरिक उत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां की जा सकेंगी। पहले जगह की कमी के कारण बड़े आयोजन को लेकर समस्या आती थी लेकिन अब इस परेशानी से राहत मिलेगी।
दूसरी मंजिल के कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम जल्द पूरा किया जाएगा।
-संजय कुमार, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग।