रामनगर। सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के पास वीरवार सुबह लोड कैरियर ऑटो हादसे का शिकार हो गया। ऑटो अनियंत्रित होकर फोटोग्राफर की दुकान के शटर से टकरा गया। गनीमत रही कि घटना में जनहानि नहीं हुई।
सुबह करीब सात बजे लोड कैरियर ऑटो घास मंडी से बस अड्डे की ओर जा रहा था। जैसे ही स्कूल के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ऑटो दुकान के शटर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि शटर क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों के अनुसार ऑटो को किशोर चला रहा था। हादसे के वक्त क्षेत्र में आवाजाही कम थी, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।