उधमपुर/रामबन। जम्मू-श्रीनगर एनएच 44 सोमवार को भूस्खलन और बारिश के कारण करोल में यातायात के लिए कई घंटे बंद रहा। सैकड़ों वाहन फंस गए। रविवार देर रात करोल और चंद्रकोट के बीच जसवाल ब्रिज, उससे पहले शाम को श्रीनगर जाने वाली सुरंग (ट्यूब) भूस्खलन से बंद हो गई थी। यातायात को जम्मू की सुरंग में डायवर्ट किया गया।
सोमवार सुबह बहाली कार्य शुरू किया गया। दोपहर तक जम्मू की सिंगल लेन तैयार की गई जिससे चंद्रकोट और करोल के बीच फंसे वाहनों को निकाला गया। देर शाम को दोनों लेन खोल दी गई।
घटना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामबन के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) राजिंदर सिंह को चोट आई है। अन्य घटना में पुलिस का वाहन पत्थरों की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। जखैनी चौक पर वाहन रोकने से जाम लग गया। घाटी जाने वाली टयूब पर लंबी कतार लग गई। दोमेल तक हालात खराब हो गए थे।