रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल के नाचनला के पास ट्रक के नाले में गिरने से चालक की मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को ट्रक हादसे की सूचना मिली। ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। हादसे का कारण लापरवाही और तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह 8:10 बजे नाचनला के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर नाले में जा गिरा। चालक ट्रक के अंदर ही फंस गया। हरजिंदर सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी सिरासपुर (उत्तर-पश्चिम दिल्ली) को बचाने के लिए पुलिस, जवानों और स्वयंसेवकों ने अभियान चलाया और चालक को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल बनिहाल भेजकर प्राथमिकी दर्ज की है।