जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में होती तेज बारिश।
ऊंची पर्वतीय शृंखलाओं पर बसे लोगों को गर्मी में भी हो रहा ठंड का आभास
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। पिछले कुछ दिनों से लगातार चिनैनी क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल रहा है। बारिश के बाद क्षेत्र का तापमान भी गिर रहा है। इससे क्षेत्र में लोगों को गर्मी से राहत तो मिल रही है लेकिन ऊंची पर्वतीय शृंखलाओं पर बसे लोगों को गर्मी में भी ठंड का आभास हो रहा है।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में तेज बारिश के बाद तापमान में एकाएक गिरावट आ गई, जिससे वहां के कारोबारी खुद आप को ठंड से बचाने का प्रयास कर रहे हैं। सोमवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह से साफ था और तेज धूप से गर्मी में भी इजाफा हो गया था।
इसके बावजूद दोपहर बाद एक बार फिर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। क्षेत्र में कई स्थानों पर तेज बारिश शुरू हो गई और तापमान लुढ़कने पर लोगों को गर्मी से राहत मिली।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप समेत नत्थाटॉप में भी तेज बारिश हुई। इस कारण वहां पहुंचे जो सैलानी पटनीटॉप में रुकने के लिए आए थे। वह अपने कमरों में चले गए। जो सैलानी इन स्थलों की सैर के लिए आए थे, वह मौसम का मिजाज बिगड़ने के बाद लौट गए।
इन स्थानों पर बारिश के बाद ठंड में भारी इजाफा हो गया था।वहां के कारोबारी ने गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर हो गए। कारोबारी ने बताया कि सोमवार को सैलानियों की आवाजाही तो अधिक नहीं रही। इस कारण दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलने के कारण पटनीटॉप में फिर वीरानी छा गई। इस दौरान पटनीटॉप के पार्कों में भी सन्नाटा छा गया।