किश्तवाड़। जिले में लॉकडाउन के चलते एक-दो दिन से केस कम आने लगे हैं। इसलिए कोरोना के खात्मे के लिए जनता सहयोग करे। यह अपील डीसी ने प्रेसवार्ता के माध्यम से जिलेवासियों से की है। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा स्थिति की जानकारी देते हुए लोगों से वैक्सीनेशन सहित टेस्टिंग के लिए आगे आने की अपील की है।
डीसी ने कहा कि जिले में संक्रमण के 3605 मामले आए हैं, जिसमें से 3131 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 26 लोगों की जान गई है। चालू वर्ष में एक मार्च से लेकर अभी तक 870 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 74 संक्रमित जिला अस्पताल में भर्ती हुए और 10 को जम्मू रेफर किया गया है। 39 रिकवर हो चुके हैं।
15 कंटेनमेंट जोन घोषित किए हैं, जिनमें 28 गांव शामिल हैं। लॉकडाउन के कारण एक-दो दिन से मामले कम आ रहे हैं। मंगलवार को भी कुछ नए मामले मिलने के बाद दो गांवों को माइक्रो जोन घोषित कर ग्रामीणों के टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं। जिले में 45 वर्ष से अधिक आयु के 65499 लोगों में से 41008 का यानि 63 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। शेष 24491 को टीका लगाने की प्रक्रिया जारी है। कोरोना को मिल कर हराना है। इसलिए वार्ड और पंचायत स्तर पर टीमें बनाई हैं, जो टीकाकरण में सहयोग करेंगी।