उधमपुर। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में आम आदमी पार्टी की तरफ से नगर के सलाथिया चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया गया। जहां उन्होंने देश में लगातार बढ रही मंहगाई पर काबू पाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के जिला प्रधान वरूण भगत ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के चलते आज महंगाई चरम पर है। लोगों को दो वक्त की रोटी के लिए भी कड़ा संघर्ष करना पड़ा रहा है। पेट्रोल, डीजल की कीमतों के साथ ही खाने पीने की घरेलू चीजों के दाम आसमान छू रहें हैं।
घरेलू गैस सिलिंडरों से लेकर दाल, सब्जी, चावल व सरसों के तेल के दामों में आए दिन बढ़ोतरी की जा रही है। जबकि सरकार इस पर काबू पाने में पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स लगाकर केवल अपना प्रचार किया है। जनता को लुभावने सपने दिखाकर अब उनपर महंगाई का इस कदर अतिरिक्त बोझ थोप दिया है कि आम आदमी के लिए अपने परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है।
जम्मू-कश्मीर में बिजली, पानी के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। रोजाना अतिरिक्त टैक्स लगाकर जनता को लूटा जा रहा है। सरकार की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है। गरीबों को पांच किलो अनाज देकर बेवकूफ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह वही भाजपा हैं जो जब विपक्ष में थी तो इनके नेता देश में गैस सिलिंडर के तीन सौ रुपये दाम होने पर सरकार के खिलाफ चूड़ियां लेकर प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर लेट जाते थे। लेकिन आज जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम हजार रुपये के करीब पहुंच गए हैं तो क्यों मौन धारण कर बैठे हैं।
शिक्षा व्यवस्था को इन्होंने बुरी तरह से चौपट कर दिया है। कई सरकारी विभागों को निजीकरण कर उन्हें अपने व्यापारिक सहयोगियों को बेच डाला है। इससे साफ है कि केंद्र सरकार देश के युवाओं को सरकारी नौकरियां देने की बजाय उन्हें अपनी निजी कारखानों में श्रमिक बनाकर रखना चाहती है ताकि वह उनके खिलाफ आवाज न उठा सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली तैयार नहीं होती है लेकिन वहां केजरीवाल सरकार लोगों को दो सौ यूनिट तक फ्री बिजली उपलब्ध करवा रही है, जबकि जम्मू कश्मीर में कई जगहों पर करोड़ों रुपये की बिजली का उत्पादन होता है।