- सरसु के लोगों ने प्रशासन पर जमीन हड़पने का लगाया आरोप
- शाम को पुलिस ने पहुंचकर मलबा हटा शुरू करवाई वाहनों की आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। प्रशासन के साथ भूमि विवाद में सरसु के लोगों ने सड़क पर मिट्टी के ढेर लगाकर उधमपुर-घोरड़ी को जोड़ने वाला वैकल्पिक तनाल मार्ग बंद कर दिया। शनिवार सुबह 11 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। मजबूरन लोगों को पैदल सफर करना पड़ा। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मलबा हटा वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई।
बता दें कि एक सप्ताह पहले जिला प्रशासन ने सलमेह पुल को अनफिट घोषित करते हुए इस पर यात्री वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। इससे इलाके के कई परिवारों को आवाजाही में परेशानी हुई। हालांकि यात्री वाहनों की आवाजाही तनाल मार्ग से शुरू की गई। यह रूट लंबा और जर्जर है। शनिवार सुबह सरसु इलाके के लोगों ने मिट्टी के ढेर लगाकर मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया। लोगों का कहना है कि पीएमजीएसवाई ने उनकी मलकीयत जमीन से रास्ता निकाला है। मलबा फेंके जाने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई और फिर मजबूरन लोगों को पैदल ही आगे का सफर तय करना पड़ा। घोरड़ी ब्लाॅक के लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन को इस परेशानी का स्थायी समाधान निकालने को लेकर काम करना चाहिए।
राजस्व विभाग व पीएमजीएसवाई
के अधिकारियों के साथ बैठक आज
शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने मार्ग बंद करने वालों को समझाया और कहा कि अगर जमीन को लेकर कोई विवाद है तो राजस्व विभाग व पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ रविवार को बैठक कर मामला सुलझाया जाएगा। अगर मार्ग को नहीं खोलने दिया गया तो मजबूरन पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ेगी। पुलिस की चेतावनी के बाद विरोध करने वाले पीछे हट गए और फिर पुलिस ने मलबा हटा कर वाहनों की आवाजाही को शुरू करवाया।