उड़ी में फिदायीन हमले के विरोध में रविवार को पैंथर्स के अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। पैंथर्स कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान का पुतला जलाकर रोष जताया गया। सलाथिया चौक पर एकत्रित होकर पैंथर्स पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी की गई। पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया द्वारा पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई करने की मांग की गई।
इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग भी उठाई। मनकोटिया ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा कई दशकों से आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। घाटी के हालात को भड़काने में पाकिस्तान का हाथ है और अब उसने उड़ी में सैन्य छावनी पर फिदायीन हमला करवाकर अपने मंसूबे जाहिर कर दिए हैं। भारत को इसका जवाब सैन्य कार्रवाई से देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं शहीदों के परिवार के साथ हैं। मनकोटिया ने कहा अब समय आ गया है कि पाक पर हमला बोल दिया जाए। कश्मीर के उड़ी सेक्टर में सेना के कैंप पर हुए आतंकी हमले से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के सलाथिया चौक पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा के नेता सुभाष गुप्ता ने की।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना बंद नहीं कर रहा है। कश्मीर के हालात पहले ही खराब हैं। इस बात का लाभ उठाकर पाकिस्तान ने कश्मीर के उड़ी सेक्टर में सेना के कैंप पर आतंकी हमला करवाया है। इस हमले देश की रक्षा में तैनात 17 जवान शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं। जवानों ने चार आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा यदि पाकिस्तान ने भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने बंद नहीं किया तो वह दिन दूर नहीं हैं जब दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नाम तक नहीं होगा। अंत में देश की रक्षा करते समय शहीद हुए सैनिकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
सैला तालाब स्थित भाजपा कार्यालय में जिला प्रधान राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। कश्मीर के उड़ी सेक्टर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश महासचिव पवन खजूरिया ने कहा कि पाकिस्तान की इस हरकत के लिए उसे करारा जबाव दिया जाएगा। जिला प्रधान राकेश गुप्ता ने कहा कि देश में पाकिस्तान के इस तरह के हमलों को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।