पिछले एक माह से अघोषित बिजली कटौती न रुकने पर कई सामाजिक संगठनों ने चिनाब वैली फोरम के बैनर तले प्रधान महबूब टाक के नेतृत्व में बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जिला आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना भी दिया। महबूब टाक ने कहा कि पिछले एक माह से डोडा में अघोषित बिजली कटौती काफी बढ़ गई है।
बिजली विभाग कभी भी बिजली काट देता है, जिससे लोगों को परेशान होना पड़ता है। कुल मिलाकर 24 घंटे में महज चार घंटे ही बमुश्किल बिजली रहती है। ऐसे में जहां भयंकर जाड़े में खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को बेहद परेशान होना पड़ता है, वहीं छोटे-मोटे काम धंधों से अपना जीवनयापन करने वालों के सामने भी बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों क्षेत्र की खराब सड़कों की भी मरम्मत करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि डोडा-बटोत, डोडा-ठाठरी सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है, इन सड़कों पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। इन सड़क हादसों में अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क, बिजली और अन्य समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया तो अब क्षेत्र के सभी संगठन एक मंच पर आकर व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर एडवोकेट इम्तियाज अहमद, इश्तियाक अहमद और अन्य लोगों ने जिला उपायुक्त भूपिंद्र कुमार को अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।