सेना के सहयोग से भद्रवाह कैंपस में आयोजित 5 दिवसीय युवा महोत्सव संगम 2022 शुक्रवार को विजेताओं और प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ। इसमें जम्मू यूनिवर्सिटी ने प्रतिष्ठित ट्रॉफी संगम-2022 जीती और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज डोडा ओवरऑल रनर-अप रहा।
इस अवसर पर जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उमेश राय मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि वह युवा महोत्सव संगम 2022 के समापन समारोह का हिस्सा बनकर मंत्रमुग्ध हैं। प्रो. राय ने अपने संबोधन में घोषणा की कि कॉलेज विकास परिषद की वित्तीय सहायता से भद्रवाह कैंपस में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की जाएगी, और विश्वविद्यालय चिनाब घाटी में लड़कियों की शिक्षा का भी समर्थन करेगा, जिसके लिए वित्तीय सहायता और संसाधन व्यक्ति यदि आवश्यक हो तो वह भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि संगम-2022 ने जम्मू प्रांत के विभिन्न हिस्सों से 34 कॉलेजों के 1200 से अधिक प्रतिभागियों को आकर्षित किया। शुक्रवार को इसका समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इसमें ओवरऑल रनर-अप ट्रॉफी गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज डोडा ने हासिल की। जबकि, जम्मू यूनिवर्सिटी ने प्रतिष्ठित ट्रॉफी संगम-2022 जीती। समापन समारोह के दौरान छात्रों ने नृत्य और गायन में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इससे पूर्व 4राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रजत परमार ने पांच दिवसीय यूथ फेस्टिवल के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट पढ़ी।
भद्रवाह में आयोजित युवा उत्सव संगम- फोटो : UDHAMPUR