उधमपुर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक ट्रेड यूनियन के जिला प्रधान विपिन दुबे ने एक प्रेसवार्ता कर जल शक्ति विभाग से शहर में लगे अवैध वाटर कनेक्शनों को हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपील की है कि जिन लोगों ने अवैध कनेक्शन लगाएं हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि शहर में पानी की कोई कमी नहीं है। लेकिन, इन अवैध कनेक्शनों के कारण शहर में पानी की समस्या आ रही है, जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। जिले में एईई संदीप गुप्ता के कार्यभार संभालने के बाद पानी की सप्लाई में सुधार हुआ है। वह हर हफ्ते पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करते हैं।
साथ ही शहर में क्षतिग्रस्त पाइपों की लीकेज को रोकने के लिए भी कारगर कदम उठाएं गए हैं। इससे लीकेज की वजह से बर्बाद हो रहे 10 प्रतिशत पानी को बचा लिया गया है। लेकिन, शहर में लगे अनगिनत अवैध कनेक्शन अब भी शहर में पानी की कमी का एक प्रमुख कारण बने हुए हैं। इसलिए, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन से मांग है कि जल्द से जल्द इन अवैध कनेक्शनों को बंद करवाया जाए।