उधमपुर/जिब। जिब क्षेत्र में करीब 17 घंटे बाद बिजली बहाल होने के बाद उमस से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, अघोषित कटौती पर बिजली विभाग के खिलाफ रोष जताया है।
जिब क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती बढ़ने से ग्रामीण काफी परेशान हैं। वीरवार रात दस बजे गुल हुई बिजली शुक्रवार को दोपहर तीन बजे करीब 17 घंटे बाद बहाल हो पाई है। पूरी रात ग्रामीणों को अंधेरे में गर्मी से जूझते हुए गुजारनी पड़ी है। शुक्रवार को भी दोपहर तक बिजली नहीं आने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इससे कामकाज प्रभावित होने के साथ ही फोन तक बंद हो गए थे। बच्चों की आनलाइन कक्षाएं भी प्रभावित हुई हैं। दोपहर बाद करीब तीन बजे बिजली बहाल होने पर कुछ राहत मिली है। लेकिन क्षेत्र में अघोषित कटौती का सिलसिला लगातार जारी है।
हर रोज बिना सूचना व निर्धारित समय के विभाग लंबे-लंबे कट लगा रहा है। लोगों ने बताया कि जिब क्षेत्र की अधिकतर पंचायतों के लोग तीन माह से अघोषित कटौती से परेशान हैं। बरसात शुरू होने के बाद कैंबल डंगा, पडानू, चक्क, मगैनी, सयाल जट्टां व सलमेड़ी आदि पंचायतों में बिजली कटौती काफी बढ़ गई है। मौसम में हल्का सा भी बदलाव आने या बूंदाबांदी होने पर विभाग बिजली आपूर्ति बंद कर देता है। इस बारे में कई संबंधित विभाग से शिकायत करने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है। इसलिए जिला प्रशासन से मांग है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए।