डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में जिला पुलिस की ओर से पुलिस वेबसाइट लांच की गई। इस मौके पर पुलिस तकनीकी सेवाओं के महानिरीक्षक जानी विलियम्स बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। वेबसाइट लांच करने के बाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि जिला पुलिस की ओर से उठाया गया यह कदम क्रांतिकारी साबित होगा। इसका लोग पूरा लाभ उठा सकते हैं।
वहीं डीआईजी उधमपुर रियासी रेंज निसार अहमद ने कहा कि लोगों को हमेशा पुलिस की कार्यप्रणाली से शिकायत रहती है। इस वेबसाइट के माध्यम से वे पुलिस के आला अधिकारियों तक अपनी समस्या को पहुंचा सकते हैं। एसएसपी उधमपुर डॉ. शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि इस वेबसाइट पर जाने के बाद लोगों को जिला के पुलिस स्टेशन उनके थाना प्रभारियों की जानकारी हासिल करने के साथ-साथ उनके मोबाइल नंबर भी हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस स्टेशन में कोई थाना प्रभारी किसी की शिकायत पर गौर नहीं कर रहा है तो वह वेबसाइट के माध्यम से अपनी शिकायत की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा नेशनल हाईवे की सारी स्थिति के बार में वह जानकारी हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को इस वेबसाइट का अधिक लाभ मिलेगा। इस मौके पर डीसी उधमपुर नीरज कुमार, एडीडीसी, अरविंद शर्मा, संयुक्त निदेशक प्लानिंग राकेश जंवाल, एसीआर सुभाष डोगरा, सीएमओ डा. चंद्र प्रकाश, सीईओ बिशन सिंह के अलावा पुलिस अधिकारी व शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।