मूसलाधार बारिश और बर्फबारी के बाद से हाईवे पर यातायात में बार-बार विघभन आ रहा है। वीरवार की सुबह निहार में गिरी भारी पस्सियों को देर रात को साफ कर दिया। लेकिन फिर पंठियाल और डिगडोल में पहाड़ी से भारी मलबा हाईवे पर आ गिरा। इसके कारण शुक्रवार को भी करीब दिन भर हाईवे बंद ही रहा। शाम करीब साढ़े पांच बजे पंठियाल में भी किसी तरफ हाईवे को साफ कर एकतरफा यातायात बहाल करवाया गया।
वीरवार की सुबह निहार इलाके में भारी पस्सी गिर आने के कारण हाईवे अचानक बंद हो गया था। उसे देर रात करीब साढ़े बारह बजे यातायात के लिए खोल दिया गया था। मगर इसी बीच पंठियाल, डिगडोल में नई पस्सी गिर आई। इसके कारण हाईवे फिर से बंद हो गया। शुक्रवार की सुबह जब निर्माण कंपनी की मशीनरी ने मलबा हटाना शुरू किया तो हाईवे के नीचे रहने वाले बस्ती के लोगोें ने इस पर आपत्ति जताई। इससे मलबा हटाने के काम में बाधा आई।
बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लेकिन नीचे माल-मवेशी और बच्चे होने के कारण मलबा को नीचे नहीं गिराने दिया गया। आखिर हाईवे पर आए मलबे को टिप्पर में लाद कर दूसरे स्थानों पर फेंकवाया गया। उसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे हाईवे को वहां से एकतरफा यातायात बहाल कर दिया गया। रात को समाचार लिखे जाने तक सैकड़ों वाहनों ने घाटी जाने के लिए जवाहर टनल को पार कर लिया था।