जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोड इलाके में पलटा तेल से भरा टैंकर। संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोड़ इलाके में जम्मू से श्रीगनर की तरफ जा रहा एक तेल टैंकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में राजमार्ग पर खड़ी एक स्कूटी भी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रहा कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
टैंकर के क्षतिग्रस्त होने से इसमें भरा पेट्रोल सड़क और नाली में बहने लगा। इससे सड़क पर गिरे टैंकर में भीषण आग लगने की आशंका बन गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर चालक फरार हो गया और सहचालक नशे में धुत मिला। उसने बताया कि वह पंजाब के बंठिडा से पेट्रोल लेकर श्रीनगर की तरफ जा रहा थे कि उधमपुर से करीब 12 किलोमीटर आगे मोड़ इलाके में सामने गलत दिशा से आ रहे एक वाहन को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया।
पुलिस टीम ने टैंकर से रिस रहे पेट्रोल से हादसे की आशंका को देखते हुए इस लेन पर फौरन अन्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। इसके साथ ही दमकल विभाग के वाहन को भी मौके पर बुला लिया और निगरानी के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी।
वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो टैंकर का चालक और सहचालक दोनों नशे में धूत थे। जिसके कारण यह हादसा हुआ है। अगर टैंकर में भरे पेट्रोल में आग लग जाती तो भीषण हादसा हो सकता था। टैंकर से पेट्रोल का लगातार रिसाव हो रहा है जिसके कारण हादसे का अंदेशा अभी बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एहितयाती उपाय शुरू कर दिए हैं।