रामनगर। रामनगर के बीडीओ कार्यालय में बीडीसी देशराज की अध्यक्षता में ब्लॉक दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें एसडीएम रामनगर गोपाल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के सरपंचों और पंचों ने मुख्य रूप से हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मौजूद सरपंचों की तरफ से अपने-अपने इलाके की विभिन्न समस्याओं को उजागर करते हुए मुख्य रूप से पेश आ रही पानी की किल्लत को प्रमुखता से हल करने की मांग उठाई गई। उन्होंने बताया कि माड़ता, सुनेत्र ‘बी’ और जंद्राड़ी जैसे इलाकों में पानी की गंभीर किल्लत पैदा होने से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। वहीं बीडीसी अध्यक्ष देशराज ने कहा कि पंचायत कटवालत के मोड़ा दुल्हार में पिछले सात महीने से बिछाई गई पाइपों का वॉल खराब होने के चलते पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं हो रही है। इससे इलाके में पानी की किल्लत बढ़ने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत भी करवाया गया हैं, लेकिन इसके बावजूद भी अभी तक इस समस्या के समाधान को लेकर कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि लोगों की समस्या जल्द से जल्द दूर की जाए। वहीं कार्यक्रम में मौजूद सरपंच सुनील शर्मा, सरपंच कुलदीप सिंह और सरपंच पप्पू शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि उनकी पंचायतों में कई जगह विभाग द्वारा लकड़ी के खंभों का इस्तेमाल किया गया है और इन्हीं लकड़ी के खंभों के ऊपर बिजली की तारे बिछाई गई हैं, इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता है। इसलिए उनकी मांग है कि जल्द से जल्द इन स्थानों पर लकड़ी के खंभे हटाकर सीमेंट अथवा लोहे के खंभे लगवाएं जाएं। इसके साथ ही रामनगर ब्लॉक के सभी सरपंचों ने साल 2019-2020 के 14 एफसी की बकाया राशि जारी करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बकाया राशि जारी नहीं होने से उन्हें पंचायतों में विकास कार्य करवाने के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए 14 एफसी का बकाया राशि जल्द मुहैया करवाई जाए ताकि पंचायतों में सही तरह के विकास कार्य हो सकें।