तीन महीने से राशन की सप्लाई न मिलने से परेशान जगानू ब्लाक के ग्रामीणों ने बुधवार को डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर सीएपीडी ने जल्द जगानू में राशन की सप्लाई नहीं पहुंचाई तो प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे।
दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीण एकजुट होकर डीसी कार्यालय के बाहर पहुंचे, जहां उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। विजय लक्ष्मी, केवल कृष्ण, सुरेंद्र सिंह, शाम लाल ने बताया कि तीन महीने से राशन की सप्लाई के लिए डिपो के बाहर वह लोग चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन राशन नहीं मिल रहा है।
जब कभी डिपो में राशन की सप्लाई पहुंचती है तो सूचना मिलने पर ग्रामीण डिपो पर पहुंचते हैं तो डीलर का कहना होता है कि कम मात्रा में राशन भेजा गया था, जो खत्म हो चुका है। निराश होकर ग्रामीणों को वापिस गांव में लौटना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि करीब 14 गांव इस राशन डिपो पर निर्भर हैं। क्रोआ, सलाल, पातली, तनाल, सेर मरोड़, जगानू भागपुर, लोड़, बपली व अन्य कई गांव के सैकड़ों परिवार इसी राशन डिपो से राशन लेकर गुजारा करते हैं। राशन न मिलने के कारण दिन व दिन परेशानियां बढ़ रही हैं। ग्रामीण आसमान छूती कीमतों पर दुकानों से राशन खरीदकर गुजारा करने को मजबूर हैं। घरों का बजट पूर तरह से बिगड़ चुका है।
ग्रामीणों ने कई बार राशन की समस्या को सीएपीडी के अधिकारी के सामने रखा है, लेकिन सिवाए आश्वासनों के कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। आज मजबूर होकर सभी डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर अब भी मांग को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।