बिजली, पानी, सड़क, राशन और अन्य कई सुविधाओं की मांग पर बुधवार को पंचैरी तहसील के ग्रामीणों ने बस अड्डा पंचैरी में समाजवादी पार्टी की नेता एडवोकेट पुष्पा डोगरा के नेतृत्व में एकजुट होकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान रुमाल सिंह, जगदीश कुमार, जगदीश सिंह, बशीर खान, मोहन लाल, शांति देवी, राजकुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि दो महीने से पंचैरी के कई पंचायतों में बिजली बंद है। बिजली को बहाल करने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन कोई प्रयास नहीं कर रही है।
इसी तरह कई पंचायतों में चार महीने से सरकारी राशन की आपूर्ति नहीं की गई है। ग्रामीण राशन मिलने की उम्मीद में हर रोज राशन डिपो जाते हैं, लेकिन इनको निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। इस बार दीपावली के मौके पर भी लोगों को राशन नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी को अभी तक दूर नहीं किया गया है। इसके कारण उनके बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। स्टाफ की कमी के कारण ही सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम लगातार गिरता जा रहा है।
इतना ही नहीं राज्य सरकार ने अभी तक पंचायत घरों में नियुक्त किए गए चौकीदारों को वेतन नहीं जारी किया है। चौकीदारों की आर्थिक परेशानियों दिन व दिन बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उधमपुर-लांदर मार्ग की वर्षों से हालत खस्ता है। राज्य सरकार इसकी मरम्मत के लिए कोई काम नहीं करवा रही है। इसलिए वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं।
पुष्पा डोगरा ने कहा कि राज्य सरकार आम आदमी की कसौटी पर खरा उतरने में पूरी तरह से विफल रही है। राज्य सरकार अपना कोई भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। इसलिए शहर और ग्रामीण इलाकों में लोग परेशानियों से जूझ रहे हैं।