किश्तवाड़। डीसी अशोक कुमार शर्मा के निर्देश पर सहायक आयुक्त राजस्व अख्तर हुसैन काजी ने टीम सहित मुख्य बाजार का औचक दौरा कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान मूल्य सूची नहीं लगाने और घटिया सामग्री बेचने पर कार्रवाई करते हुए 72 सौ रुपये जुर्माना वसूला है।
जानकारी के अनुसार रमजान माह के दौरान शहर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, गुणवत्ता और मूल्य की जांच करने के लिए राजस्व विभाग की टीम ने मुख्य बाजार का दौरा किया। इसमें तहसीलदार प्रमोद कुमार, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी तारिक बलवान, थाना प्रभारी आबिद बुखारी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। दौरे के दौरान खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता को भी परखा गया। इस दौरान घटिया सामग्री बेचने और मूल्य सूची नहीं लगाने पर जुर्माना वसूला गया है।
इसके साथ ही दुकानदारों को अनुमोदित दर सूची पर केवल गुणवत्ता वाले खाद्य सामग्री बेचने के लिए कहा गया। दुकानों में विशिष्ट स्थानों पर वस्तुओं की मूल्य सूची लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और ग्राहकों को सामाजिक दूरी बनाए रखने, मास्क पहनने, व्यापारिक स्थानों पर कोविड-19 के दिशानिर्देशों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।