उधमपुर: गवर्नमेंट मिडिल स्कूल सुजालता मैं पेरेंट्स मीट का आयोजन किया गया.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शिक्षा निदेशक जम्मू के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले के सभी सरकारी स्कूलों में मासिक अभिभावक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक का विषय नशीली वस्तुओं के दुष्परिणाम के बारे में जानकारी देना था।
अभिभावक बैठक में शिक्षक हर महीने किसी एक विषय पर अभिभावकों के साथ चर्चा करते हैं। इस बार का विषय बच्चों को नशीली वस्तुओं से दूर रखना था। शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों की दिनचर्या पर पूरी नजर रखी जाए। यह देखना चाहिए कि बच्चा किसके साथ खेल रहा है, और उसकी संगत कैसी है? अक्सर गलत संगत में जाकर बच्चे बिगड़ते हैं, और कई बार नशे के जाल में फंसकर भविष्य को खराब कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर स्कूल भी पूरी नजर रखता है। लेकिन, स्कूल से छुट्टी होने पर बच्चों की देखभाल अभिभावकों को ही करनी होती है। माता पिता को यह भी बताया गया कि अभिभावक भी बच्चों के सामने नशीली वस्तु का इस्तेमाल न करें। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों से संबंधित बातें शिक्षकों के सामने रखीं। कई स्कूलों में परीक्षा होने के कारण इस मासिक बैठक का आयोजन नहीं हो सका।