साई पंचायत के बिशियां ब्राहमणा गांव में सफेद, नीले और हरे रंग के गुब्बारे एक कपड़े के साथ मिले हैं।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के पंचैरी तहसील के लांदर क्षेत्र में आसमान से गिरे गुब्बारों ने एक बार फिर से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। गुब्बारों के साथ एक संदेश लिखा गया था, जिस पर लिखा था- ‘पाकिस्तान तुर्की ब्रदरहुड फॉरएवर।’ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारों को अपने कब्जे में लिया गया।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी इसी तरह के एक गुब्बारे के देखे जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पंचैरी के लांदर क्षेत्र में शाम पांच बजे के करीब स्थानीय लोगों ने आसमान से गुब्बारों का एक गुच्छा गिरता हुआ देखा गया। गुब्बारों को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए।
लोगों में दहशत तब फैली, जब लोगों ने गुब्बारे पर लिखे संदेश को पढ़ा। गुब्बारों के नीचे एक तख्ती पर अंग्रेजी और एक अन्य भाषा में लिखा था- ‘पाकिस्तान तुर्की ब्रदरहुड फॉरएवर।’ तख्ती पर पाक का नाम लिखा देख लोगों में सनसनी फैल गई। तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुब्बारों को कब्जे में ले लिया। इसके चलते क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम हो गया।
इस बारे में पंचैरी के एसएचओ पुष्पजीत सिंह का कहना है गुब्बारे कहां से आए हैं, इस बारे में जांच की जा रही है। कुछ लोगों से जानकारी हासिल हुई है कि पंचैरी के साथ लगती रामबन जिले की पहाड़ियों की तरफ से गुब्बारों को आते हुए देखा गया।