जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सोमवार की शाम दो वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति जख्मी हो गया। घायल ट्रक चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार सेब से भरा ट्रक श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था।
इसी दौरान उधमपुर से चिनैनी की ओर आ रहे ट्रक से उसकी सामने से टक्कर हो गई। इसमें एक ट्रक का ड्राइवर निक्का (निवासी गौरीकुंड) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तत्काल उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत में सुधार है। हाईवे के बीच में हादसा होने के कारण दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
उधर, सोमवार की शाम रामनगर गरलांग मार्ग पर दुर्घटना में ट्रैक्टर ट्राली चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक करतार चंद वार्ड एक का निवासी था। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली नंबर जेके 14सी1579 रामनगर से गरलांग को जा रही थी। रास्ते में चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।