उधमपुर। नगर के वार्ड 20 के अपर संगुर और वार्ड पांच के बांडेयां इलाके के गरीब लोग पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के कारण परेशान है। आज भी टूटे-फूटे कच्चे मकानों में जिंदगी बसर करने को मजबूर हैं। इन लोगों का कहना है कि करीब सात साल पहले पीएम आवास के लिए सर्वे का काम पूरा होने के बाद से वे पक्के मकान बनने की आस लगाकर बैठे हैं लेकिन अभी तक उन्हें इस योजना का कोई भी लाभ नहीं मिल पाया है। जबकि इसके लिए अब तक वे कई बार सभी जरूरी दस्तावेज भी नगर परिषद कार्यालय में जमा करवा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी अभी किसी को इसका लाभ नहीं मिला है।
वहीं इस संबंध में रोष व्यक्त करते हुए क्षेत्र के स्थानीय निवासी रिंकू, सुनील सरमाल, पोपली, अजय, राजिंद्र कुमार व अन्य ने कहा कि करीब सात वर्ष पहले सरकार की ओर से गरीब परिवारों को इस योजना का लाभ देने के लिए सर्वे किया गया था। जिसके कुछ सालों के बाद योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी कर उनसे कई बार संबधित जरूरी दस्तावेज भी लिए गए थे हैं। इसके बाद आज तक इस क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को इस योजना का लाभ नहीं दिया गया है। अब इस साल फिर से उन्होंने अपने जरूरी दस्तावेज जमा करवाए हैं लेकिन कई महीने गुजर जाने के बाद फिर से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ है। इसलिए प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द इस संबंध में जांच करवाई जाए कि आखिर किस कारण जिला मुख्यालय के ठीक सामने स्थित इन इलाकों के गरीबों को पीएम आवास योजना के लाभ से वंचित रखा गया है।