संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर में वेयर हाउस न होने से व्यापारी वर्ग परेशान है। इससे उन्हें माल मंगवाने और अन्य स्थान पर भेजने में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।
व्यापारियों ने समस्याओं से निजात के लिए उधमपुर में वेयरहाउस बनाने की मांग की है। कारोबारियों का कहना है कि जिला मुख्यालय में थोक कारोबार पर स्थानीय व्यापारियों सहित रामनगर, चिनैनी, मजालता, पंचैरी, लांदर, मोंगरी, लाटी, बसंतगढ़ आदि तहसीलों सहित साथ लगते जिलों के कारोबारी निर्भर हैं, लेकिन शहर में वेयरहाउस न होने से थोक कारोबार बिखरा हुआ है।
व्यापारियों को माल मंगवाने और दूसरे व्यापारियों तक पहुंचाने में कई तरह की दिक्कतें आती हैं। खासकर किसी भारी वाहनों को सुबह नौ से रात नौ बजे तक शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं है। वहीं बड़े वाहनों के प्रवेश से और माल की लोडिंग व अनलोडिंग से शहर में जाम की स्थिति बन जाती है। कोई भी व्यापारी रात ना से सुबह नौ बजे तक ही माल लोड व अनलोड कर सकता है।
उधमपुर का व्यापारी वर्ग बीते लगभग डेढ़ दशक से जिला मुख्यालय में वेयरहाउस बनने की राह देख रहा है। स्थानीय कारोबारी सुनील गुड्डा, विजय कुमार, जतिंद्र कुमार व अन्य ने बताया कि वेयरहाउस न होने से शहर में माल को लोड व अनलोड करने में काफी दिक्कतें पेश आती हैं। इसके चलते कई बार व्यापारियों को नुकसान भी होता है। वेयर हाउस के बनने से काफी हद तक समाधान हो सकता है। वेयरहाउस का निर्माण समय की मांग है।