किश्तवाड़। डोडा से किश्तवाड़ के लिए निकले ट्रक चालक और क्लीनर का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मंगलवार को लापता लोगों के परिजनों और रिश्तेदारों ने चिनाब नदी के किनारे खोजबीन जारी रखी, लेकिन शाम तक कोई भी कामयाबी नहीं मिली है।
प्रेमनगर पहुंचे ठाकराई से डीडीसी सदस्य शरीफा बेगम व केशवान पंचायत के सरपंच ने जिला प्रशासन से रात के समय वाहनों के सफर पर रोक लगाने की मांग की है। उधर, देवरा और ठाकराई के लापता दोनों युवकों की सूचना मिलने के बाद इलाके में मातम है। उन्होंने जिला प्रशासन तलाशी अभियान जारी रखने की मांग उठाई है। सनद रहे कि तीन दिन पहले डोडा से किश्तवाड़ की ओर ट्रक निकला था, जो बीच में प्रेमनगर के पास गायब हो गया है। देवरा ठाकराई का चालक रोनी सिंह और क्लीनर विक्रम सिंह का भी कोई पता नहीं चल पाया है। सोमवार सुबह से डोडा-किश्तवाड़ मार्ग पर प्रेमनगर के पास दुर्घटना की आशंका के चलते परिवार और रिश्तेदार उन्हें तलाश रहे हैं।