भेंट प्रतरीयोगिता में गायक रिचा शर्मा भजन गाते हुए व प्रितियोगिता में पहले तीन स्थान पर आए विजेत?
- फोटो : KATRA
कटड़ा। योगाश्रम में जारी अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता के पांचवें दिन जम्मू के गायकों का दबदबा रहा। इन्होंने प्रतियोगिता में पहले व दूसरे स्थान पर कब्जा किया। वहीं, तीसरा स्थान संयुक्त रूप से दो गायकों के नाम रहा। उनमें से भी एक जम्मू का ही रहा।
34 गायकों का ऑडिशन लेने के बाद निर्णायक टीम ने 11 को मंच पर प्रस्तुति देने का मौका दिया। इनमें जम्मू के ललित भारद्वाज ने पहला स्थान प्राप्त कर सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश पा लिया। उन्हें 10 हजार रुपये की राशि पुरस्कार में मिली। दूसरा स्थान पाने वाले जम्मू के सुनील अटवाल को पांच हजार रुपये, जबकि तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से रहे पंजाब के नरिंद्र व जम्मू के सिमरन को तीन हजार रुपये नकद पुरस्कार स्वरूप दिए।
दूसरे व तीसरे स्थान के विजेताओं को आगे के सफर के लिए रविवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रस्तुति देनी होगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जम्मू विद्युत वितरण निगम लिमिटेड संदीप सेठ ने ज्योत प्रज्ज्वलन से किया। इसमें निर्णायकों की भूमिका डॉ. सुरिंद्र कुमार शर्मा व डॉ. वीके वर्मा ने निभाई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश वजीर ने बताया कि प्रिलिमनरी राउंड में दूसरे व तीसरे स्थान के विजेताओं को रविवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल में गाने का मौका मिलेगा। क्वार्टर फाइनल में पहले पांच स्थानों पर रहने वाले गायक मंगलवार को सेमीफाइनल में पहुंचेंगे। पहले स्थान पर रहने वाले गायक पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। मंगलवार के फाइनल में विजेता को तीन लाख रुपये का सोना और वीनस टेप्स के साथ रिकार्डिंग का कांट्रेक्ट मिलेगा। वहीं, दूसरे व तीसरे स्थान के विजेता को क्रमश: एक लाख व पचास हजार रुपये का सोना मिलेगा।