किश्तवाड़। जिले में राष्ट्रीय बालिका दिवस 2022 के उत्सव की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त किशोरी लाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। वह बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के नोडल अधिकारी भी हैं।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रहलाद भगत, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी खराती लाल शर्मा, सीडीपीओ इफत आरा, प्रिंसिपल गर्ल एवं बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल सरिता शर्मा एवं अजरा फिरदौस, सीडीपीओ द्राबशाला के प्रतिनिधि के अलावा महिला शक्ति केंद्र के अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई, और कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाली साइकिल रैली, पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद-विवाद और टॉक शो सहित सभी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
संबंधित अधिकारियों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राष्ट्रीय बालिका दिवस समारोह के आयोजन के लिए सभी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम के पहले, दूसरे और तीसरे विजेताओं का चयन करने का निर्णय लिया गया, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके। बैठक में प्रखंड, तहसील मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस संबंध में सीडीपीओ और तहसीलदारों को आयोजन की विस्तृत व्यवस्था करने के आवश्यक निर्देश दिए गए। यह उत्सव 24 जनवरी को मनाया जाना है।