प्रताप नगर इलाके में सोमवार को जमीन विवाद पर हुए खूनी संघर्ष में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार प्रताप नगर निवासी देव राज अपने बेटे रमण कुमार और एक रिश्तेदार कृष्ण लाल के साथ खेत में काम करने गए हुए थे तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
खेतों के साथ लगती तीन कनाल जमीन पर लगभग आधा दर्जन से अधिक लोगों ने निर्माण कार्य शुरू कराने की कोशिश की। इस पर काम देव राज ने लोगों को निर्माण कार्य करने से मना किया और बताया कि इस जमीन पर स्टे लगा हुआ।
उनके इतना कहने पर उन लोगों ने लाठियों और तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर मौके से फरार हो गए। तीनों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर भी उसी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।