उधमपुर। सेर दब्बड में आयोजित ऐतिहासिक तीन दिवसीय शिव पार्वती मौंगरी मेला रविवार को आस्था, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया। लगभग 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने माथा टेककर सांस्कृतिक एकता की मिसाल पेश की।
समापन समारोह में विधायक पवन कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि रहे जबकि मेला अधिकारी आरुषि सभरवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक पवन कुमार गुप्ता ने आयोजकों और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेले न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम योगदान देते हैं। खेल गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
अंतिम दिन सूचना विभाग जम्मू की सांस्कृतिक शाखा के कलाकारों तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के दलों ने पारंपरिक लोक नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और विरासत को जीवंत किया।