उधमपुर। उपायुक्त मिंगा शेरपा ने सिविल डिफेंस एयर रेड मॉक ड्रिल की तैयारियों के लिए वीरवार को समीक्षा बैठक ली। मॉक ड्रिल शुक्रवार को पूरे जिले में होगी। रात 8 बजे सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया जाएगा और वार्निंग सिस्टम की क्षमता जांची जाएगी। हवाई हमले के दौरान विजिबिलिटी कम करने और सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट का अभ्यास होगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, शेल्टर देने और बचाव के लिए एंबुलेंस-वाहनों की मोबिलाइजेशन परखी जाएगी।
घायलों के लिए इमरजेंसी मेडिकल इवैक्यूएशन रूट तय कर त्वरित इलाज का अभ्यास होगा। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें हवाई हमले के बाद सर्च रेस्क्यू का डेमो करेंगी।ड्रिल में नगर परिषद के 21 वार्डों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। हर वार्ड से चुने गए वॉलंटियर्स को फर्स्ट रिस्पॉन्डर के तौर पर ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन मजबूत हो।
मॉक ड्रिल के दौरान शेल्टर की पहचान, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस समेत सभी एजेंसियों के बीच कोऑर्डिनेशन का मूल्यांकन होगा। साथ ही सही सूचना प्रसार और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
टेबलटॉप एक्सरसाइज भी होगी
बैठक में सिमुलेशन एक्सरसाइज के लिए स्थान चिन्हित करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए टेबलटॉप एक्सरसाइज करने पर भी चर्चा हुई। डीसी मिंगा शेरपा ने कहा, यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है। सभी एजेंसियां समन्वय में काम करें ताकि वास्तविक आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यहां स्टेशन कमांडर एयरफोर्स स्टेशन, एडीडीसी, एडीसी, एएसपी, एसीआर, सीआरपीएफ कमांडेंट अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आप क्या करें
रात आठ बजे सायरन बजने पर घबराएं नहीं, बल्कि घर-दुकान की लाइटें बंद करें और ब्लैकआउट में सहयोग दें। किसी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। इमरजेंसी हो तो हेल्पलाइन 112 पर मदद ले सकते हैं।