कटड़ा। रियासी पुलिस ने करीब एक महीने से लापता नाबालिग लड़के को गोवा से सकुशल बरामद कर परिजन को सौंप दिया है। लड़का करीब एक महीने पहले कटड़ा के एसएमबीडी नारायणा हॉस्पिटल परिसर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन की शिकायत के आधार पर पुलिस पोस्ट ककड़ियाल में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटड़ा पुलिस स्टेशन में तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लापता बच्चे की तलाश के लिए पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के तार राज्य से बाहर जुड़ने पर रियासी पुलिस ने अंतरराज्यीय पुलिस अधिकारियों के साथ संपर्क साधा। लगातार प्रयास और आपसी तालमेल के चलते बच्चे की लोकेशन गोवा में ट्रैक की गई, जहां से उसे सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग को कटड़ा लाया गया। पुलिस स्टेशन में जब बच्चे को माता-पिता से मिलवाया गयातो माहौल भावुक हो गया। परिजनों ने रियासी पुलिस और विशेष रूप से पुलिस चौकी इंचार्ज ककड़ियाल अखिलेश खजुरिया व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।