उधमपुर: प्रशासन द्वारा हाउसिंग कॉलोनी में की गई तारबंदी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। कोरोना संक्रमण के 10 मामले सामने आने के बाद शहर की हाउसिंग कॉलोनी में भी दो माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। प्रशासन व पुलिस ने दोनों माइक्रो कंटेनमेंट जोन में तारबंदी कर दी है, और आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। जोन के बाहर पुलिस भी तैनात है।
कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को बनाए गए नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन में पहले दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद आठ लोग और संक्रमित मिले। दो स्थान ऐसे थे जहां चार-चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने हाउसिंग कॉलोनी में दो माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश जारी किए।
पुलिस ने दोनों स्थानों की तारबंदी कर लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। साथ ही किसी को बाहर से भी अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। शहर में अब माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या चार हो गई है, और जिले में सात। शहर में वार्ड 10 के कैप्परी और भारत नगर में पहले ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा चिनैनी के कुद, रामनगर के वार्ड 7 और जिब इलाके में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बने हुए हैं। जोन में बारी बारी से दवाई, दूध, सब्जी व किराना की दुकानें खोलने की अनुमति है। स्वास्थ्य विभाग मंगलवार को दोनों स्थानों पर लोगों की जांच करेगा।