उधमपुर/रामनगर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणबीर सिंह पठानिया ने टाउन हॉल रामनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने रामनगर के अधिक से अधिक गांवों को पर्यटक गांव घोषित करने का आह्वान किया।
बैठक की शुरूआत में उन्होंने रामनगर के लोगों की ओर से पंचौद (प्रथम और द्वितीय), बसंतगढ़, इंचा और लैड गांवों को पर्यटक गांव घोषित करने के लिए उपराज्यपाल प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन गांवों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नई परियोजनाओं और सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। साथ ही बेरोजगारों को पर्यटन संबंधी सुविधाओं के लिए सॉफ्ट टर्म लोन के रूप में वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने रामनगर के कुछ अतिरिक्त गांवों को पर्यटन गांव घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामनगर के रांग, सत्यलता, माडता, सत्तैयां, जंसाल, सियामेहरी, खून और मोट्टू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके अलावा चौंतरा माता, मराडा माता और पिंगला माता मंदिरों को भी पर्यटन के मानचित्र पर लाया जाना चाहिए।
उन्होंने रामनगर तथा मजालता के सभी लोकप्रिय मंदिरों में तीर्थ पर्यटन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को रामनगर के शीशमहल और किले की ओर ले जाने की जरूरत है, जो जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पुरातत्व स्मारकों में से एक हैं। उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने में भी तेजी लाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार के पार्टी कार्यक्रमों के एजेंट के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मूल राज डीडीसी रामनगर प्रथम, जट्टू राम डीडीसी रामनगर द्वितीय, राकेश बोधी डीडीसी घोरडी, सुमित गुप्ता उपाध्यक्ष एमसी रामनगर, कुलदीप शर्मा मंडल प्रधान, राजिंदर शर्मा महासचिव व अन्य उपस्थित रहे।