नगर परिषद की तरफ से रेहड़ी और फड़ी वालों पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में सोमवार को पैंथर्स पार्टी ने सलाथिया चौक इलाके में नगर परिषद के सीईओ का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया।
पैंथर्स पार्टी के नेताओं का कहना था कि नगर परिषद बिना किसी कारण के गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाले बड़े व्यापारियों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पैंथर्स पार्टी के नेता अजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दोपहर करीब 12 बजे सीईओ को पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शन में रेहड़ी-फड़ी वाले भी मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान अजय सिंह ने कहा कि कुछ दिनों से नगर परिषद लगातार कार्रवाई कर गरीब लोगों की रेहड़ियां कब्जे में ले रही हैं।
इससे उन लोगों के लिए दो जून की रोटी का इंतजाम करना मुश्किल हो चुका है। अगर नगर परिषद को कार्रवाई करनी है तो पहले दूसरे राज्यों से आए लोगों की रेहड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई करे।
शहर में सबसे ज्यादा अतिक्रमण बड़े दुकानदारों और व्यापारियों की वजह से हैं। इन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बार-बार स्थानीय रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान किया जाता है।
पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सीईओ को चेतावनी दी है कि अगर गरीब रेहड़ी वालों को तंग करना बंद नहीं किया तो पैंथर्स पार्टी नगर परिषद के कार्यालय का घेराव करेगी। इस मौके पर दीपक सिंह, सागर सिंह, कृष्ण सिंह, संजीव कुमार, अजय गुप्ता, विजय गुप्ता, यशपाल, मदन लाल, गौरव कुमार व अन्य मौजूद थे।