रामनगर: मंदिर को अंतिम रूप देते कारीगर
- फोटो : UDHAMPUR
रामनगर। कस्बे में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसके उपलक्ष्य में शहर से चार किलोमीटर दूर डालसर गांव में स्थित भगवान भोले नाथ के मंदिर में हर वर्ष की तरह भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शिव मंदिर डालसर कमेटी के प्रधान रामलाल ने कहा कि 33 वर्षों से लगातार इस मंदिर में भव्य मेले और भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस बार भी 1 मार्च को मेले व भंडारे का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। मेले के दौरान स्थानीय लोग श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पर भंडारे की व्यवस्था भी करते हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कारीगर दो दिनों से जोरशोर से काम कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी बढ़-चढ़कर महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोले नाथ के दर्शन करके पुण्य के भागीदार बनें। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोग कोरोना नियमों का पालन करें। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर सभी जरूरी बंदोबस्त पुख्ता किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या न हो।