रामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार में इन दिनों छोटे-बड़े यात्री वाहनों द्वारा बजाए जा रहे ऊंचे हॉर्न से व्यापारियों और स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय दुकानदारों ने परिवहन विभाग तथा पुलिस प्रशासन से इन हॉर्न बजाने वाले यात्री वाहनों के खिलाफ ठोस करवाई करने की मांग की है।
दुकानदार आशीष खारका, अंकुश शर्मा, प्रतीक डोगरा, सतपाल शर्मा, मोहन लाल, कपिल खारका ने बताया कि कई छोटे बड़े यात्री वाहन पिछले कुछ दिनों से सुबह से लेकर देर शाम तक बीच बीच में मुख्य बाजार से गुजरते समय यात्री बसें, मेटाडोर, मोटरसाइकिल वाहन तेज आवाज में हॉर्न बजाते हुए गुजरते हैं, जिससे न केवल शोर प्रदूषण बढ़ रहा है बल्कि दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
मुख्य बाजार में दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में तेज हॉर्न की आवाज से ग्राहकों से बातचीत करने में दिक्कत होती है और कई बार लोग असहज होकर जल्दी बाजार से निकल जाते हैं।
दुकानदारों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि बाजार क्षेत्र को ‘नो हॉर्न जोन’ घोषित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
दिनभर तेज हॉर्न की आवाज से सिर दर्द होने लगता है। ग्राहकों से ठीक से बात तक नहीं हो पाती। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
-अंकुश शर्मा, जनरल स्टोर व्यापारी
हमने कई बार वाहन चालकों से निवेदन किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। बाजार क्षेत्र में सख्त नियम लागू किए जाएं।
-प्रतीक डोगरा, इलेक्ट्रानिक व्यापारी
तेज हॉर्न से बुजुर्ग और बच्चे ज्यादा परेशान होते हैं। संबंधित विभाग को नियमित जांच अभियान चलाकर जुर्माना लगाना चाहिए।
-आशीष खारका, बर्तन व्यापारी